Breaking News
kotha
post authorjitendar nayyar 02 Apr 2026 900

केदारनाथ यात्रा 2026: हेलीकॉप्टर बुकिंग हेतु रहें सतर्क     .

  रुद्रप्रयाग,  02 अप्रैल। आगामी श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 के दृष्टिगत श्रद्धालुओं को साइबर ठगी से सतर्क रहने हेतु महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की गई है। चारधाम यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर साइबर अपराधियों द्वारा फर्जी वेबसाइट, सोशल मीडिया विज्ञापन एवं व्हाट्सएप मैसेज के माध्यम से लोगों को ठगने के प्रयास लगातार सामने आ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, ठग फेसबुक एवं इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर प्रायोजित (Sponsored) पोस्ट के जरिए आकर्षक विज्ञापन दिखाकर लोगों को भ्रमित करते हैं। इसके अतिरिक्त गूगल सर्च में सबसे ऊपर दिखाई देने वाले ‘Sponsored’ लिंक भी कई बार फर्जी हो सकते हैं, जिनके माध्यम से यूजर्स को नकली वेबसाइटों पर ले जाकर उनसे भुगतान कराया जाता है।
साइबर अपराधी व्हाट्सएप कॉल या चैट के माध्यम से हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग का दावा करते हुए सीधे पैसे की मांग करते हैं तथा क्यूआर कोड स्कैन कराने का दबाव बनाते हैं। जबकि कोई भी अधिकृत कंपनी इस प्रकार की प्रक्रिया का पालन नहीं करती है। इसके साथ ही ‘Pawan Hans’ या ‘Himalayan’ जैसे नामों से मिलती-जुलती फर्जी वेबसाइट बनाकर भी लोगों को ठगने के मामले सामने आए हैं।श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि हेलीकॉप्टर टिकट की बुकिंग केवल आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ही करें। किसी अन्य वेबसाइट या लिंक पर विश्वास न करें। वेबसाइट का यूआरएल सावधानीपूर्वक जांचें, क्योंकि ठग असली वेबसाइट से मिलती-जुलती स्पेलिंग का उपयोग करते हैं।
इसके अलावा, यदि कोई व्यक्ति फोन कॉल के माध्यम से “VIP कोटा” या “लास्ट मिनट बुकिंग” का लालच देता है, तो उसे तुरंत नजरअंदाज करें तथा ऐसे नंबरों को ब्लॉक करें।
यदि किसी श्रद्धालु के साथ साइबर धोखाधड़ी की घटना होती है, तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। प्रशासन ने अपील की है कि श्रद्धालु सतर्कता एवं सावधानी बरतें, किसी भी प्रकार की जल्दबाजी से बचें और इस महत्वपूर्ण जानकारी को अधिक से अधिक लोगों तक साझा करें, ताकि साइबर ठगों के मंसूबों को विफल किया जा सके।